विशाल श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ : लखनऊ
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2142 बुधवार शाम टर्बुलेंस में फंस गई। जैसे ही फ्लाइट में झटके लगने शुरू हुए, उसमें सवार यात्री डर से लोग चीखने लगे।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) श्रीनगर को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग कराई। फ्लाइट में 227 यात्री सवार थे। सभी यात्री और एयर क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सुरक्षित लैंडिंग के बाद देखा गया कि फ्लाइट की नोज कोन (आगे का हिस्सा) टूट गया है। इस वजह से एयरलाइंस ने विमान को AOG (Aircraft on Ground) घोषित कर दिया है, यानी अब यह फ्लाइट फिलहाल उड़ान भरने की स्थिति में नहीं है।
इंडिगो ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण इमरजेंसी के हालात बने। हालांकि ये नहीं बताया कि आगे का हिस्सा कैसे टूटा।जैसे ही फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। तेज झटकों की वजह से केबिन में रखा सामान गिरने लगा। यात्रियों की चीखों के बीच क्रू ने सीट बेल्ट लगाने का ऐलान किया। कुछ देर में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। फ्लाइट से उतरकर लोगों ने देखा कि नोज कोन टूटा हुआ है। ऐसी स्थिति में भी सेफ लैंडिंग कराने पर पायलट की तारीफ की गई।