Wednesday , September 30 2026

फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट, पांच लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां कस्बे में सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं।

घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे के आसपास की बताई जा रही है। उस समय घर में खाना बनाया जा रहा था। तेज धमाके के बाद मकान का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और कई लोग मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। मलबे से सात लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कुणाल, आलोक, अर्पित, वेद और यश के रूप में बताई गई है। हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्फोट की वजह की जांच जारी है, पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में गैस सिलेंडर से विस्फोट की आशंका सामने आई है। हालांकि, प्रशासन ने अभी विस्फोट के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। फोरेंसिक और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही हैं।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों मे भय का माहौल है। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine