Sunday , September 20 2026

लखनऊ में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 16 लोग हिरासत में

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में पुलिस ने एक कथित फर्जी साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर का खुलासा किया है।
लखनऊ में बैठकर आरोपी अमेरिका के लोगों को चूना लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं समेत 16 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने छापेमारी कर इस गिरोह को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार लोग कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस लेकर वित्तीय धोखाधड़ी करते थे।

पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर से कथित तौर पर अमेरिकी नागरिकों को तकनीकी सहायता देने के नाम पर संपर्क किया जाता था। आरोप है कि कंप्यूटर या सॉफ्टवेयर से जुड़ी समस्या ठीक करने का झांसा देकर लोगों से निजी और वित्तीय जानकारी हासिल की जाती थी।

अमेरिकी नागरिकों के साथ ठगी का कारोबार चला रहे फर्जी कॉल सेंटर पर नकेल कसने के बाद लखनऊ पुलिस पूरी तरह से ऐसे कॉल सेंटरों पर नकेल कसने में जुट गई है। डीसीपी ने कहा कि अचानक हुई इस कार्रवाई से सेंटर के भीतर हड़कंप मच गया। सेंटर में मौके पर मौजूद 12 युवक और 4 युवतियां संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए, जिन्हें पुलिस की ओर से तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने अलीगंज के कपूरथला क्षेत्र स्थित रिध्या प्लाजा में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य डिजिटल सामग्री भी जांच के लिए कब्जे में ली गई। पुलिस अब कॉल सेंटर के संचालन, कथित ठगी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine