Thursday , September 10 2026

सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर


अयोध्या:

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद लोगों मे डर का माहौल है।नदी का स्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

बुधवार सुबह केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार अयोध्या में सरयू का जलस्तर 93.080 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 92.730 मीटर है। यानी नदी करीब 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी।

जलस्तर बढ़ने से सरयू नदी के आसपास के निचले इलाकों और गांवों में पानी पहुंचने की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की भी आशंका है। कुछ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है । प्रशासन और स्थानीय स्तर पर हालात पर नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एल्गिन ब्रिज पर भी सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया। यहां जलस्तर 106.560 मीटर रहा, जबकि खतरे का निशान 106.070 मीटर है।

हालांकि राहत की बात यह है कि अयोध्या में नदी के जलस्तर में घटने का रुख भी दर्ज किया गया है। विभिन्न बैराजों से सरयू में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में भी कमी बताई गई है। इसके बावजूद निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है। लोगों से नदी और बाढ़ के पानी से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
फिलहाल, सरयू का पानी खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए नदी के आसपास के इलाकों में सतर्कता जरूरी बनी हुई है। आने वाले समय में जलस्तर में होने वाला बदलाव स्थिति की गंभीरता तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine