Friday , April 17 2026

उत्तर प्रदेश सरकार ने 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी

पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :

उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक मंगलवार (7 अप्रैल) को आज 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इस बैठक को सरकार की नीतिगत दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। योगी सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। इसी तरह अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय भी 9 हजार से बढ़ाकर 17 हजार रुपये कर दिया गया है।

छात्रों के लिए 25 लाख नए टैबलेट की खरीद और ₹15,189 करोड़ के औद्योगिक निवेश को भी हरी झंडी दी गई। महापुरुषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण किया जाएगा जिससे बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिलेगी। और उत्तर प्रदेश सरकार ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ योजना के तहत बलिया में मेडिकल कॉलेज बनाएगी। परिवहन क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव के लिए कैबिनेट ने पीपीपी मॉडल पर 49 नए बस अड्डों के निर्माण को स्वीकृति दी है। ये बस अड्डे पूरी तरह एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। योगी सरकार के इस फैसले से राज्य के 52 जिले सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे, वहीं यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। यह बढ़ी हुई राशि 1 मई से लागू होगी। सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में जबरदस्त इजाफा कर उन्हें बड़ी राहत दी है। सरकार ने लंबे समय से लंबित मानदेय वृद्धि की मांग को पूरा करते हुए शिक्षामित्रों के वेतन में 8 हजार रुपये की सीधी बढ़ोतरी की है। अब उन्हें हर महीने 18 हजार रुपये मिलेंगे वहीं, अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में भी 8 हजार रुपये का इजाफा कर इसे 17 हजार रुपये कर दिया गया है। 1 मई से सभी पात्रों के बैंक खातों में बढ़ी हुई राशि भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine