टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। टी20 विश्व कप 2026 के हीरो बने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके शानदार प्रदर्शन के बाद अपने गृह राज्य केरल में भव्य सम्मान मिलने जा रहा है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में पांच मैचों में 321 रन बनाए और भारत की ओर से एक टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने घोषणा की कि टी20 विश्व कप फाइनल में भारत को शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले इस स्टार क्रिकेटर का राज्य सरकार की ओर से भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के नेतृत्व वाली केरल सरकार ने सैमसन का विशेष सम्मान करने का फैसला किया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली हैं। भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। भारत को तीसरी बार टी-20 विश्व कप चैंपियन बनाने के लिए अगर किसी एक खिलाड़ी को श्रेय दिया जाए तो वो होंगे संजू सैमसन। संजू ने लगातार तीन मैचों में अद्भुत पारियां खेलीं और टूर्नामेंट में टीम के लिए सबसे बड़े ‘गेमचेंजर’ बनकर उभरे।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine