पूनम शुक्ला: मुख्य प्रबंध संपादक :
राजस्थान के बीकानेर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां सड़क किनारे नवविवाहित दंपति के मिलने से शुरुआत में मामला हिट-एंड-रन और लूट का लग रहा था… लेकिन पुलिस जांच में यह एक खौफनाक मर्डर प्लान निकला।
30 जनवरी की रात रावला थाना क्षेत्र के गांव 01 KLM के पास सड़क किनारे 27 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक आशीष कुमार मृत मिले, जबकि उनकी पत्नी अंजलि घायल अवस्था में पड़ी थी। अंजलि ने परिवार और पुलिस को बताया कि दोनों डिनर के बाद टहलने निकले थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और लूटपाट कर फरार हो गया।
लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी। रिपोर्ट में सामने आया कि आशीष की मौत सड़क हादसे से नहीं, बल्कि डंडों से बेरहमी से पिटाई और गला घोंटने से हुई थी।
इसके बाद पुलिस को पत्नी अंजलि पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया। साजिश एक महिला और उसके प्रेमी ने रची थी, और पीड़ित को उसकी अपनी पत्नी ही मौत के घाट उतारने के लिए ले गई थी।
पुलिस के मुताबिक, अंजलि अपनी शादी से खुश नहीं थी। शादी के कुछ दिन बाद ही वह मायके चली गई थी, जहां उसका अपने पुराने प्रेमी संजय उर्फ संजू से फिर संपर्क हुआ। दोनों ने मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बताया जा रहा है कि अंजलि प्लान के तहत वापस ससुराल लौटी ताकि शक न हो। 30 जनवरी की रात वह आशीष को टहलने के लिए घर से बाहर ले गई। योजना के तहत 30 जनवरी की रात अंजलि अपने पति को टहलने के बहाने सुनसान सड़क पर ले गई। आशीष शुक्रवार शाम को अपनी नवविवाहित पत्नी अंजली के साथ टहलने निकले थे, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह सैर उनके जिंदगी की आखिरी सैर है। पहले से झाड़ियों में छिपे संजय और उसके दो दोस्त रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ ने आशीष पर डंडों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद कथित तौर पर अंजलि ने आशीष का मोबाइल और कानों के झुमके आरोपियों को दे दिए ताकि मामला लूट जैसा लगे।
पुलिस के अनुसार, अंजलि ने शुरू में पुलिस को बताया कि तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पीछे से उसके पति को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही आशीष की मौत हो गई। वारदात को लूट जैसा दिखाने के लिए अंजलि ने खुद ही पति का मोबाइल और जेवर आरोपियों को दे दिए और फिर बेहोश होने का नाटक किया।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine