पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
योगी सरकार ने नशीले कफ सिरप कोडीन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। नशे के आगोश में धकेलने वाले अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ सरकार का रुख सख्त है। 128 फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
योगी सरकार ने प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के युवाओं को एफएसडीए द्वारा प्रदेशभर में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नॉरकोटिक्स श्रेणी की औषधियों के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय और वितरण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी करके लाखों रुपये मूल्य की अवैध नशीली दवाएं जब्त की हैं। इस दौरान 128 एफआईआर दर्ज की गई हैं और आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। अवैध नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेला गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिन फर्मों में अवैध बिक्री या स्टॉकिंग के प्रमाण मिले, उन पर NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की है। कुछ जगहों पर बड़े पैमाने पर कफ सिरप और नॉरकोटिक्स का भंडारण मिला, जिन्हें तुरंत सीज किया गया।संदिग्ध रिकॉर्ड मिलने पर दो दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोर्स की बिक्री पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
योगी सरकार के ताजा एक्शन को हाल के दिनों में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और अवैध दवा कारोबारियों पर निर्णायक प्रहार किया जाए। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि अभियान के दौरान 28 जिलों में कुल 128 एफआईआर दर्ज की गई।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine