पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर ने फ्लाइट के बाद अपने सितार को हुए नुकसान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। म्यूजिशियन ने बताया कि ट्रैवल के दौरान उनका सितार टूट गया। उन्होंने टूटे सितार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस बारे में अपनी नाराजगी जताते हुए एयर इंडिया की सुविधाओं पर सवाल उठाए कि आखिर एयर इंडिया इतनी लापरवाह कैसे हो सकती है? कहा आपने यह कैसे किया? मेरे पास स्पेशल क्लास है, आप हैंडलिंग फीस लेते हैं और फिर भी आपने ऐसा किया?’
इंस्टाग्राम पर अनुष्का शंकर ने एक उड़ान के दौरान अपने सितार के क्षतिग्रस्त होने पर एयर इंडिया के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अनुष्का का सितार टूटा हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में सितार को दिखाते हुए अनुष्का कहती हैं, इसे सुर में सुर मिलाने के बाद, मैंने इसे बजाने के लिए जब उठाया, तब मुझे इसके क्षतिग्रस्त होने का पता चला।
सितार वादक पंडित रविशंकर की बेटी अनुष्का शंकर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए बताया और अनुष्का ने कैप्शन में भी अपनी नाराजगी जताई। वीडियो के साथ कैप्शन में सितार वादिका ने लिखा, ‘एयर इंडिया द्वारा मेरे सितार के साथ किए गए व्यवहार से मैं पूरी तरह से निराश और परेशान हूं। आखिर जानबूझकर की गई लापरवाही के बिना ऐसा नुकसान कैसे हो सकता है? यह इसलिए और भी दुखद है क्योंकि मैंने लंबे समय के बाद एयर इंडिया से उड़ान भरी। अब ऐसा लगता है कि एक भारतीय वाद्य यंत्र उनके साथ सुरक्षित नहीं रह सकता। मैंने दूसरी कई एयरलाइन्स से हजारों उड़ाने भरी हैं, लेकिन आज तक एक भी तार की धुन खराब नहीं हुई। अनुष्का की इस पोस्ट पर संगीत की दुनिया से जुड़े कई सेलेब्स के रिएक्शन देखने को मिले,जिसमें यूजर्स ने भी अपना अपना दुख जाहिर किया।
जानकारी के अनुसार खराज पंचम स्टाइल के इस सितार का तला कद्दू जैसे आकार का है। इसका साइज़ 49 इंच है और इसमें जर्मन रुसूलो स्ट्रिंग्स लगी हैं। इस सितार की कीमत 1250 डॉलर बताई गई है। भारतीय करेंसी से हिसाब से देखें तो यह लगभग 1,13,014.06 रुपए हो जाती है। घटना सामने आने के बाद भी एअर इंडिया ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अनुष्का शंकर शास्त्रीय और कंटेम्परेरी और इलेक्ट्रॉनिक अलग-अलग विधाओं में प्रस्तुति देती हैं। पिछले महीने उन्होंने 68वें ग्रैमी अवार्ड्स में कई नामांकन प्राप्त किए। उनका सिंगल ‘डेब्रेक’ ने बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस के लिए नामित हुआ। जबकि आलम खान और ड्रमर सारथी कोरवार के साथ उनके नई एल्बम ‘चैप्टर III : वी रिटर्न टू लाइट’ को बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम में नामांकन मिला है।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine