Saturday , April 18 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर के शिखर पर लहराई धर्म ध्वजा

पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :

राम नगरी अयोध्या में आज धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हो गया। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिन बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वज का आरोहण किया। इस मौके पर पीएम मोदी, मोहन भागवत, और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ । जो मंदिर का निर्माण पूरा होने का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने राम मंदिर के लिए खास तौर पर तैयार किया गया ध्वजअभिजीत मुहूर्त 11 बजकर 55 मिनट पर फहराया। ऐतिहासिक ध्वजारोहण से ठीक पहले शेषावतार मंदिर में पूजा-अर्चना की। PM मोदी ने मोहन भागवत के साथ मंदिर की पहली मंजिल पर बने रामदरबार में पूजा और आरती की। इसके बाद रामलला के दर्शन किए।

रामनगरी अयोध्या में ध्वजारोहण के बाद पीएम मोदी और सीएम योगी बेहद खुश और भावुक नजर आए। PM मोदी और RSS सरसंघचालक मोहन भागवत ने पवित्र श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया, इस ऐतिहासिक क्षण में प्रधानमंत्री मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, संत समाज तथा वहां उपस्थित सभी भक्त भाव-विभोर हो उठे। इस पवित्र पल में प्रधानमंत्री मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, संत समाज तथा वहां उपस्थित सभी को ऐसा प्रतीत हुआ मानो सदियों का इंतजार समाप्त हो गया हो।

जानकारी के अनुसार लगभग धर्म ध्वज केसरिया रंग ,दो किलो वजन ,10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा समकोण वाले तिकोने आकर का है। ध्वज पर एक चमकते सूरज की तस्वीर है, जो भगवान श्री राम की चमक और वीरता का प्रतीक है, और इस पर कोविदार वृक्ष की तस्वीर के साथ ‘ॐ’ लिखा है। यह धर्म ध्वजा 161 फीट ऊंचे शिखर पर लहराई तो कई भक्तजनों की आंखें श्रद्धा और भावनाओं से भर उठीं। PM भावविभोर हो गए। उन्होंने धर्मध्वजा को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा, “आज सदियों के घाव भर गए हैं। हम देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करके रहेंगे। यह मानसिकता इतनी हावी हो गई थी कि वर्षों तक भगवान राम को काल्पनिक बताया गया।” वहीं, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था साकार हो गई है। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर को 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया।

इस बीच योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता और उन्होंने ‘लाठी-गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ के नारे का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान राम की पावन नगरी अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने इस संघर्ष में योगदान देने वाले सभी संतों, योद्धाओं और श्रीरामभक्तों को नमन किया। उन्होंने कार्यक्रम में आए हजारों लोगों को मंच से संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर ध्वजारोहण एक नए युग का प्रारंभ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine