Wednesday , January 14 2026

दिल्ली ब्लास्ट को लेकर पूरे देश में मचा हड़कंप

पूनम शुक्ला: मुख्य प्रबंध संपादक:

दिल्ली के लाल किले से महज 200 मीटर की दूरी पर हुए ब्लास्ट को लेकर पूरे देश में हड़कंप मच गया ।धमाके की तीव्रता इतनी थी कि धमाके के साथ एक कार को काफी ऊंचाई तक उछलते हुए देखी गई।

सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दिल्ली दहल उठी, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ। यह घटना लाल किले के पास सोमवार शाम करीब 6:52 बजे की है,जब एक i20 कार में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि धमाके से आसपास मौजूद कई गाड़ियों में आग लग गई और कई की खिड़कियों के शीशे टूट गए। दहशत के मारे भगदड़ शुरू हो गई। आसपास की 6-10 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 से अधिक घायल हुए हैं। इन सभी घायलों को तुरंत ही लोकनायक अस्पताल में पहुंचाया गया। धमाके की घटना के बाद आज दिन में जामा मस्जिद मार्केट और आसपास के इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस को घटनास्थल के आसपास से कुछ संदिग्ध सामान मिला है। इनमें टीवी का रिमोट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें फ़ॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

सुरक्षा के चलते कई दुकानदारों ने अपने शटर बंद रखे हैं।
धमाके की घटना के बाद चांदनी चौक बाजार में कारोबार पर असर साफ दिखाई दे रहा है। व्यापारियों का कहना है कि डर और सुरक्षा जांच के माहौल के बीच कोई इधर आने को तैयार नहीं ,जिससे बाजार में निराशा छाई हुई है।

गृहमंत्री अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुजरात के केवड़िया में ‘राष्ट्र पर्व’ के अवसर पर दिल्ली दिवस समारोह में अपनी आधिकारिक यात्रा को अचानक समाप्त वे दिल्ली लौटकर लोकनायक अस्पताल का दौरा किया। स्थिति का जायजा लिया।और भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।


दिल्ली में हुए ब्लास्ट की जांच में जम्मू कश्मीर से 2 नाम सामने आए हैं एक तारिक का और दूसरा मोहम्मद उमर का। इस ब्लास्ट में डॉक्टर उमर मोहम्मद का नाम सामने आ रहा जिसके तार फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है आई20 कार मोहम्मद सलमान के नाम थी जो गुरुग्राम शांतिनगर में किराये के मकान में रहता था। वो कार फरीदाबाद के डीलर से चार दिन पहले ही खरीदी गई थी। डीलर को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है। सेक्टर 37 में रॉयल कार जोन के कार डीलर सोनू का ऑफिस है। इसने ओएलएक्स पर कार सेल की एड पोस्ट की थी। इसके बाद कार बिकी। फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सोनू को पकड़कर दिल्ली स्पेशल सेल के हवाले कर दिया गया है।

अब लाल किला को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के बाहर वाहनों की आवाजाही बंद है। फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। अब पीएम मोदी ने इस पर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि साजिश के जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine