पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। मुलाकात के बाद आजम खान ने मीडिया से बातचीत की तो वहीं अखिलेश यादव ने मुलाकात की फोटो शेयर कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।इस मुलाकात में आजम के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान दोनों ने पुराने दिनों को याद किया। अखिलेश यादव ने आजम खान का स्वास्थ्य, कुशलक्षेम पूछा और उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी की है और देश व प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में अच्छी बातचीत हुई है। खबरों के मुताबिक, आजम खान के लखनऊ आने का कार्यक्रम काफी गुप्त रखा गया। इसकी जानकारी किसी को नहीं दी गई। वह लखनऊ के एक होटल में रुके। वहां राजनेताओं खासकर सपाइयों के आने-जाने पर सरगर्मी बढ़ी और लोगों को इसकी जानकारी हुई। इस दौरान उन्होंने सपा के कुछ नेताओं से भी मुलाकात की।
आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “न जाने कितनी यादें संग ले आए, जब वो आज हमारे घर पर आए! ये जो मेलमिलाप है यही हमारी साझा विरासत है।” वहीं, आजम खान ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “मैं यहां अपने और अपने परिवार के साथ हुई घटना के बारे में बात करने आया था।” अखिलेश के इस पोस्ट ने सपा समर्थकों में उत्साह और सियासी हलचल दोनों को बढ़ा दिया।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine