पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
उत्तर प्रदेश के कानपुर में नवाबगंज थानाक्षेत्र स्थित गंगा बैराज पर गुरुवार देर शाम स्पोर्ट्स बाइक सवार स्टंटबाजों की जानलेवा लापरवाही सामने आई है। यूपी के कानपुर में गुरुवार रात स्टंटबाजी के चक्कर में एक स्कूटी सवार बीए की छात्रा की जान चली गई। पुलिस ने मौके पर मिली बाइक की इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार देर शाम की गंगा बैराज की है। 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्टंटबाजी कर रहे बाइक सवारों ने स्कूटी से जा रही बीए की छात्रा को रौंद दिया। स्कूटी चला रही छात्रा और उसकी सहेली नीचे गिर गए। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई। इससे उसके जबड़े टूट गए और दांत टूटकर सड़क पर गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस छात्रा को हैलट अस्पताल ले गई वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी सहेली को मामूली चोट आई थी।
घटना के बाद युवक अपनी बाइक छोड़ कर फरार हो गए। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां एक बाइक यूपी 78 एचएम 3986 नंबर की बाइक खड़ी मिली। उस पर इंस्टाग्राम की आईडी brijesh_nishad_r155m लिखी थी। उसे सर्च करने पर हादसे से जुड़ी एक पोस्ट मिली। जिसमें साथियों ने कमेंट किया हुआ था, ‘कि एक्सीडेंट हुआ है गंगा बैराज में जिंदा हो या निपट गए… लड़कियों को तो मार दिया तुमने’। एक साथी ने रिप्लाई दिया कि ‘यही बृजेश निषाद ने उड़ाया है अपनी बाइक से…’
भाविका के चचेरे भाई अंकित गुप्ता ने बताया कि कल शाम करीब 7.30 बजे भाविका ऋषि नगर शुक्लागंज निवासी सहेली नेहा मिश्रा के साथ गंगा बैराज स्कूटी से घूमने जा रही थी। गंगा बैराज पहुंचने से चंद कदम पहले रात अधिक होने के कारण भाविका गंगा बैराज टी-प्वाइंट से घर वापस आने के लिए स्कूटी मोड़ ही रही थी। इसी दौरान बिठूर की ओर से दो बाइकों पर सवार चार युवक स्टंटबाजी करते हुए आ रहे थे, इस दौरान स्पोर्ट्स बाइक सवार स्टंटबाजों ने छात्रा की स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी।
मृतक छात्रा की पहचान शुक्लागंज, सर्वोदय नगर निवासी भाविका गुप्ता (23) के रूप में हुई है, जो डीएवी डिग्री कॉलेज में बीए थर्ड ईयर की छात्रा और एनसीसी कैडेट थी। शुक्लागंज में सर्वोदय नगर निवासी पिता मनीष गुप्ता होटल लैंडमार्क में शेफ हैं। परिवार में मां कंचन और एक बड़ा भाई सोहेल है।
आज सुबह तक गाड़ियों के टूटे हुए हिस्से मौके पर ही पड़े थे। खून के निशान और छात्रा का टूंटा दांत भी पड़ा मिला। युवती और युवक के जूते पड़े थे। छात्रा के पिता मनीष गुप्ता की शिकायत पर नवाबगंज पुलिस ने बृजेश निषाद के खिलाफ एफआईआई दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine