पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महिला वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम से मुलाकात की। पीएम मोदी की यह मुलाकात करीब दो घंटे चली। पीएम मोदी ने इस दौरान चैंपियन बेटियों को विश्व विजेता बनने के लिए बधाई दी।
यह ऐतिहासिक जीत रविवार को नवी मुंबई में हुई, जहां हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम के सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया।
यह मुलाकात नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई। इस दौरान मुलाकात का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। और इसमें पीएम मोदी ने जो बात कही उसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।इसका पूरा वीडियो नरेंद्र मोदी के ट्विटर हैंडल से गुरुवार को जारी किया गया। वीडियो के अंत में पीएम मोदी चैंपियन टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों और कोच को लड्डू बांटते दिखे। दरअसल, वीडियो के आखिर में पीएम मोदी ने चैंपियंस को मिठाई खिलाई। लड्डू बांटने के दौरान पीएम मोदी ने डीएसपी दीप्ति शर्मा और जेमिमा को लड्डू लेने के किए कहा। फिर खिलाड़ियों से पूछा कि ‘अभी तो टीम वाले खाने के लिए रोंकेगे तो नहीं?’ इस पर स्मृति मंधाना ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘पहली बार खा रहे हैं मिठाई।’
इस दौरान पीएम ने प्लेयर ऑफ द फाइनल शेफाली वर्मा के कैच के बारे में बात की। दरअसल, फाइनल में शेफाली ने सुने लूस का महत्वपूर्ण कैच अपनी ही गेंद पर लपका था। एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें शेफाली के फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन की झलक थी। इस वीडियो के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘शेफाली जब मैंने ये देखा था, तो मेरे मन में एक सवाल आया था। कोई कैच करने के बाद हंसे तो समझ आता है, आप कैच होने से पहले हंस रही थीं। इसका क्या कारण था? इस पर शेफाली ने कहा, ‘सर मैं मन मन में बोल रही थी कि आजा कैच आजा मेरे पास आजा। तो बस मुझे हंसी आ गई कि कैच आ गई हाथ में मेरे।’ इस पर पीएम मोदी ने कहा, ‘मुझे ऐसा लगा कि तुम्हें विश्वास था कि कैच कहीं और जा ही नहीं सकता।’ फिर शेफाली ने कहा, ‘कहीं और जाता तो मैं वहां भी कूद जाती।’ इस बातचीत पर सभी खिलाड़ियों को हंसी आ गई।
भारतीय टीम ने इस दौरान पीएम मोदी को उनके नाम की जर्सी भेट की। इस जर्सी पर सभी खिलाड़ियों के साइन थे. पीएम मोदी ने इस दौरान हरमनप्रीत कौर और अमनजोत के कैच की चर्चा की। साथ ही उन्होंने दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान टैटू को लेकर सवाल पूछा। पीएम ने चैंपियन खिलाड़ियों से देशभर में खासकर लड़कियों के लिए फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाने को कहा।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine