पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक :
भारत में ‘भाई दूज’ के त्योहार पर अनूठी परंपराएं देखने को मिलती हैं जिसकी पूरी दुनिया में सरहाना होती है। दीवाली के बाद ‘भाई दूज’ के त्योहार की पूरे उत्तर प्रदेश में धूम देखी गई।
उत्तर प्रदेश के संभल में भाई दूज के पावन पर्व पर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल दिखाई दी। आज संभल में भाईदूज पर यूपी सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। भाई बहन के प्यार का अनूठा संगम देखने को मिला, जब हिंदू बहन ने अपने मुसलमान मौलाना भाई को तिलक लगाया।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने चंदौसी स्थित अपने आवास पर अपने मुंहबोले मुस्लिम भाई फिरोज़ खां हिंदुस्तानी को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उपहार स्वरूप गोला व मिठाई भेंट की। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यह भावुक दृश्य विविधता में एकता के सिद्धांत का जीवंत प्रतीक बन गया, जिसने पूरे इलाके में सराहना बटोरी।
सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज़ खां हिंदुस्तानी वर्षों से उन्हें अपनी बहन मानते हैं। मौलाना फिरोज खां और मंत्री गुलाब देवी के बीच भाई-बहन का यह रिश्ता पिछले 13 साल से चल रहा है।
मौलाना हर साल रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने और भाईदूज पर तिलक कराने चंदौसी स्थित मंत्री गुलाब देवी के घर पहुंचते हैं। इतना ही नहीं, मौलाना फिरोज मंत्री गुलाब देवी की तीनों बेटियों की शादी में ‘भात’ देने की रस्म भी निभा चुके हैं। मौलाना फिरोज वर्तमान में मौलाना मोहम्मद अली जौहर मदरसे के संचालक हैं।
इस दौरान मंत्री गुलाब देवी ने कहा, भारत की संस्कृति प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देती है। भाई दूज भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। जब यह संबंध धर्म की सीमाओं को लांघता है, तो समाज मजबूत बनता है। मौलाना फिरोज खां ने कहा कि हिंदू त्योहार मनाने, राखी बंधवाने, तिलक लगाने या मंदिर जाने से इस्लाम की कोई तौहीन नहीं होती। इस्लाम की तौहीन तो तब होती है जब कोई बेइमानी करे, धोखा दे या किसी का हक छीन ले। उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में सभी धर्मों को साथ लेकर चलना ही असली ताकत है और यही इंसानियत का रास्ता है.
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine