पूर्णिया जिले के मजगामा हाट इलाके में शुक्रवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यहां मां दुर्गा की एक निर्माणाधीन मूर्ति में तोड़फोड़ कर दी गई, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते भीड़ ने आगजनी शुरू कर दी और कई दुकानों में तोड़फोड़ कर दी।
इस दौरान भीड़ ने तोड़फोड़ के आरोप में एक मुस्लिम युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद रस्सी से बांध दिया। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने आरोपी को पुलिस के हवाले करने से इनकार कर दिया।हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से छुड़ाया और अपने साथ ले गई।
युवक को गांव के ही कम्युनिटी हॉल में पुलिस ने रखा है। भीड़ आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रही है।इस बात से लोग गुस्से में ज्यादा तोड़फोड़ करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और हालात काबू में करने के लिए 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। फायरिंग में एक युवक की पीठ में गोली लगी है। उसे GMCH में भर्ती कराया गया है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी युवक ने मूर्ति तोड़ने की बात स्वीकार कर ली है, हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस युवक पर तोड़फोड़ का आरोप है, वह मानसिक रूप से बीमार है और उसका पिछले चार वर्षों से इलाज चल रहा है। आरोपी युवक इसी गांव का रहने वाला बताया गया है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मजगामा के मुखिया अबू जागीर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनका गांव हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है और ऐसी घटनाएं बेहद अफसोसजनक हैं। साथ ही, उन्होंने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की।
‘दुर्गा पूजा को लेकर मजगामा हाट में मां दुर्गा की प्रतिमा बनाई जा रही है। गुरुवार की रात कुछ लोगों ने मंदिर के अंदर से मुस्लिम युवक को बाहर आते देखा था। फिर सुबह गांव के लोग मंदिर से होकर गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर निर्माणस्थल पर बनाई जा रही मां दुर्गा की क्षतिग्रस्त मूर्तियों पर पड़ी। इसी के बाद गांव में शोर हुआ। और भीड़ इकट्ठी हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine