पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक
लखनऊ में तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने 3 लोगों को रौंद दिया। बेकाबू कार कैफे के काउंटर को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल से टकराकर रुकी। घायलों को उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना मंगलवार को शिया पीजी कॉलेज के सामने हुई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि बेकाबू कार ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी। इसके बाद कार साइन बोर्ड तोड़ते हुए आगे चली गई। सूचना के अनुसार अलीगंज की ओर से बेकाबू कार आई और लोगों को रौंदती चली गई। महिला, बच्चे समेत 3 लोगों को रौंद कर फ्रेंड्स कैफे के काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के सामान को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। थोड़ी ही देर में काफी लोग इकट्ठे हो गए। कार चालक एक महिला थी। लोगों ने महिला कार चालक को घेर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार चला रही महिला को हिरासत में ले लिया। कार पंकज कुमार गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार चालक महिला तनु गुप्ता (35) है। वह लखनऊ के सआदतगंज इलाके की रहने वाली है। रियल स्टेट का काम करती है।
इस पूरी घटना में बाइक, साइकिल, स्कूटी, कैफे का काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान का काफी सामान टूट-फूट गया। मामला मदेयगंज इलाके का है। खदरा में ज्वाला देवी मंदिर के पास रहने वाले रविंद्र पांडेय (45) KGMU में संविदाकर्मी थे। वह मंगलवार को घर का कुछ सामान खरीदने साइकिल से बाजार गए थे। तेज रफ्तार के चलते कार ने उन्हें रौंद दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविंद्र के भाई सुनील पांडेय की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह सब कुछ 3-4 मिनट के अंदर हो गया। रविंद्र के परिवार में उनकी पत्नी सरोज, बेटा कृष्णा और बेटी अन्या पांडेय है।
10 साल का बच्चा भी बना गया तेज रफ्तार कार का शिकार,10 साल का बच्चा दक्ष सोनकर सीतापुर रोड के बांसमंडी भानूटोला में रहता था। वह किसी काम से शिया पीजी कॉलेज के पास आया था। घटना के समय दक्ष सड़क के किनारे खड़ा था। तभी कार उसे रौंदते हुए चली गई। उसके चेहरे, सिर और अन्य जगहों पर चोट आई है। बलरामपुर अस्पताल में उसकी स्थिति गंभीर बनी है। वहीं, महिला रामपति का भी बलरामपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह बाराबंकी की रहने वाली है। बच्चे और महिला की हालत गंभीर बनी है।
