पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बच्ची से रेप के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची से दुष्कर्म के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। साथ ही मदेयगंज पुलिस ने मासूम बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ में 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी कमल किशोर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। लखनऊ में 4 साल की मासूम से रेप के आरोपी कमल किशोर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग हुई। जवाबी मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर सकीना खान ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी पिस्टल निकाली और अपराधी को जवाब देते हुए गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल होकर पकड़ा गया।
सकीना खान आधिकारिक तौर पर इस मुठभेड़ में शामिल थी। सकीना इस केस की जांच अधिकारी भी थीं और पीड़िता की काउंसलिंग भी कर रही थीं। आरोपी पर कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। घायल कमल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामला लखनऊ के मदेयगंज बंधा रोड का है. जानकारी के अनुसार आरोपी कमल किशोर उर्फ भदर ने 27 मई की रात करीब 2:00 बजे मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना अंजाम दिया था। इसके बाद मदेयगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 27 मई की रात को मुकदमा दर्ज किया। जानकारी के मुताबिक, यह घटना 28 मई की है जब मदेयगंज थाने को सूचना मिली कि कमल किशोर इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई जिसमें कमल किशोर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।