पूनम शुक्ला : मुख्य प्रबंध संपादक
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है। मोहम्मद यूनुस की सेना प्रमुख जनरल वकार जमां से टकराव की खबरे सामने आई हैं, वहीं राजनीतिक दलों से भी उनकी अनबन की चर्चा है।
बांग्लादेश पिछले एक साल से हिंसा और राजनीतिक उठापटक से जूझ रहा है। इसी बीच खबर आई थी कि देश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। वहीं आज हुई औचक बैठक के बाद ये साफ कर दिया गया है कि वो इस पद पर बने रहेंगे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में चुनाव की तारीख और राजनीतिक सुधारों को लेकर सरकार क्या फैसला लेती है।
शनिवार को उनके कैबिनेट के एक वरिष्ठ सलाहकार वाहीदुद्दीन महमूद ने जानकारी दी कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस अपने पद पर बने रहेंगे। यह बयान ऐसे समय आया है जब यूनुस के इस्तीफे की अटकलें दो दिन पहले सामने आई थीं। यूनुस ने कथित तौर पर कहा था कि ‘मौजूदा हालात में काम करना मुश्किल हो गया है’। बता दें कि, सरकार, सेना और तमाम राजनीतिक दलों के बीच उपजे मतभेद के कारण उनके इस्तीफा देने की आशंका तेज हो गई थी।
यूनूस की ओर से शनिवार को अचानक अपने कैबिनेट की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में 19 सलाहकार शामिल हुए। यह बैठक ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय आर्थिक परिषद (ईसीएनईसी) की कार्यकारी समिति की निर्धारित बैठक के बाद बुलायी गई थी। इसके बाद बताया गया है कि यूनुस इस्तीफा नहीं देंगे।
अंतरिम सरकार में योजना सलाहकार वहीदुद्दीन महमूद ने सलाहकार परिषद की एक औचक बैठक के बाद पत्रकारों से कहा ‘उन्होंने (यूनुस) यह नहीं कहा कि वे पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि हमें सौंपे गए काम और जिम्मेदारियों को पूरा करने में कई बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन हम उन पर काबू पा रहे हैं’। वहीदुद्दीन महमूद ने आगे कहा- ‘वे निश्चित रूप से बने रहेंगे।’ उन्होंने कहा कि कोई भी सलाहकार कहीं नहीं जा रहा है क्योंकि ‘हमें सौंपी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है; हम इस कर्तव्य को नहीं छोड़ सकते’।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के इस्तीफे की अटकलों पर विराम लग गया है। यूनुस सरकार में योजना सलाहकार वाहीदुद्दीन महमूद ने साफ कि प्रधान सलाहकार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे रहे हैं।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine