पूनम शुक्ला: मुख्य प्रबंध संपादक :
राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की युवा इकाई के प्रदर्शन कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ के नारे लगाए। AI समिट के दौरान कांग्रेस के यूथ विंग के विरोध प्रदर्शन से उसके ही सहयोगी नाखुश हैं।इस प्रदर्शन ने विपक्षी खेमे में दरार पैदा कर दी है। विपक्षी दलों के कई नेताओं ने इस प्रदर्शन को अनुचित बताया।
घटना तब विवाद में आई जब प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15-20 की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उसपर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया।
इस घटना के बाद इंडिया गठबंधन के कई सहयोगी दलों ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस से दूरी बना ली है, जिससे विपक्ष की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं। संसद में सरकार के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहने वाली समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल ने भी इस मामले में कांग्रेस का दामन छोड़ दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी झूठी पार्टी है, सरकार भम्र फैलाती है झूठ भी बोलती है लेकिन फिर भी वे इस तरह के प्रदर्शनों के पक्ष में नहीं हैं जो विदेशी प्रतिनिधियों के सामने और विदेश में देश की छवि को नुकसान पहुंचाएं।समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन वैश्विक मंच पर ऐसा प्रदर्शन ठीक नहीं था। उन्होंने कहा कि देश को विदेशी प्रतिनिधियों के सामने शर्मिंदा करने से बचना चाहिए। वहीं शिव सेना उद्धव गुट के अरविंद सावंत और आदित्य ठाकरे का भी बयान आया है जिसमें उन्होंने कांग्रेस से दूरी बनाई है। अरविंद सावंत कहते हैं कि राजनीति में विरोध का अधिकार सबको है मगर प्रदर्शन करने की जगह की समझ भी होनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल के आईटी मंत्री बाबुल सुप्रियो ने सोशल मीडिया पर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने लिखा कि जिस मंच पर अंतरराष्ट्रीय नेता और वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख लोग मौजूद हों, वहां इस तरह का प्रदर्शन देश की प्राथमिकताओं को लेकर गलत संदेश देता है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी इसे अत्यंत अनुचित और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि अगर यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर का न होता तो बात अलग थी, लेकिन ऐसे मंच पर इस तरह का विरोध चिंता का विषय है।
वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साजिश के तहत इंटरनेशनल समिट में भारत की छवि धूमिल की है। सत्तारूढ़ बीजेपी ने इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए इसे शर्मनाक बताया और कहा कि यह पूरी दुनिया का कार्यक्रम था, न कि किसी एक पार्टी का।
और तो और खुद कांग्रेस पार्टी के वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वायएस जगनमोहन रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस घटना ने सभी को शर्मिंदा किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद देश को दुनिया के सामने एकजुट दिखना चाहिए।
Kanun Ki Phatkar Hindi News & Magazine