Friday , April 17 2026

बहराइच में सोमवार रात भेड़ियों ने फिर बरपाया कहर ।

पूनम शुक्ला: मुख्य प्रबंध संपादक :

बहराइच में मंझारा तौकली ग्राम पंचायत में सोमवार रात भेड़ियों ने फिर कहर बरपाया। गांव प्यारे पुरवा में अहाते में सो रहे बुजुर्ग दंपती पर भेड़ियों ने हमला कर उन्हें जिंदा चबा लिया। घटना में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना कैसरगंज रेंज के मंझारा तौकली गांव की है। पुरवा निवासी खेदन (70) पुत्र जनार्दन और उनकी पत्नी मनकी (65) रोज की तरह सोमवार रात घर से करीब 200 मीटर दूर बने अहाते में सो रहे थे। आधी रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच भेड़ियों का झुंड वहां आ पहुंचा। सोते समय ही दंपती पर हमला कर दिया। दोनों के हाथ-पांव और शरीर के कई हिस्सों को भेड़िये चबा गए। गले और चेहरे पर गहरे जख्म मिले।

सुबह देर तक दंपति घर नहीं पहुंचे तो उनका बेटा झब्बर खोजते हुए अहाते पहुंचा। वहां मां-बाप के क्षत-विक्षत शव देखकर उसकी चीख निकल गई। गांव के लोग इकट्ठा हुए तो सभी सन्न रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने के खेतों में भेड़ियों का झुंड घूमता देखा गया है। वहीं, दंपती की मौत से पहले भेड़िए ने तीन और लोगों पर हमला किया था, जिसमें तीनों बुरी तरह से घायल हैं। और उनका इलाज़ चल रहा है।

गांव में फैली दहशत को देखते हुए लोग रात में जागकर पहरा दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अभी तक वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। डीएफओ राम सिंह यादव दो दिन से न मीडिया से बात कर रहे हैं और न ही फोन रिसीव कर रहे हैं। घटना से गुस्साए गांववालों ने वन विभाग की टीम के पहुंचने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। एसडीओ की गाड़ी तोड़ डाली। वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। 

बिलखते हुए लोगों ने कहा कि हमला भेड़िये ने किया। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने तेंदुए को देखा है। वन विभाग अभी तक पक्के तौर पर कुछ कह नहीं पा रहा है। 10 मार्च 2024 से अब तक जिले में भेड़ियों के 80 से अधिक हमले हो चुके हैं।

सीएम योगी ने शनिवार को भेड़िए के आतंक से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया था। उन्होंने कहा था कि भेड़िया अगर न पकड़ में आए तो उसे गोली मार दें। जनता को समस्या से निजात मिलनी चाहिए। उन्होंने भेड़िए के हमले में घायलों को 50 हजार रुपए की राशि देने के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.

E-Magazine